प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री ने गया जिला को दी 1437 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात, 1714 योजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास

Share on Social Media

FB_IMG_1739433904436 FB_IMG_1739449639820 FB_IMG_1739449679210 FB_IMG_1739433857360 FB_IMG_1739433907343 FB_IMG_1739435106433 FB_IMG_1739433847348 FB_IMG_1739433889316 FB_IMG_1739449658518 IMG-20250213-WA0004.jpg

NGTV NEWS । NEWS DESK । गया । मूख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज प्रगति यात्रा के क्रम में गया जिले के चंदौती प्रखंड के प्रभावती अस्पताल परिसर से 1437.96 करोड़ रुपये की कुल 1714 विकासात्मक योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 39542.23 लाख रुपये की 898 योजनाओं का उद्घाटन और 104253.86 लाख रुपये की 816 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।

प्रगति यात्रा के क्रम में मुख्यमंत्री ने गया जिला अंतर्गत इमामगंज प्रखंड के ग्राम लावाबार बांध के समीप जीविका दीदियों द्वारा संचालित विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों से संबंधित लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने नीरा संग्रहण-सह-बिक्री केंद्र का मुआयना किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एकता जीविका महिला ग्राम संगठन को 8 लाख रुपये का सांकेतिक चेक, कृषि यंत्र बैंक अंतर्गत ट्रैक्टर की चाबी, मत्स्य पालन हेतु गुलाब जीविका महिला ग्राम संगठन एवं आंचल जीविका महिला ग्राम संगठन की दीदियों को 2 तालाबों का हस्तांतरण प्रमाण-पत्र प्रदान किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सतत् जीविकोपार्जन योजना अंतर्गत 2967 लक्षित परिवारों को आर्थिक सहयोग के तहत 12 करोड़ 43 लाख 57 हजार रुपये का सांकेतिक चेक, 11,068 जीविका स्वयं सहायता समूहों के 55,340 जीविका दीदियों को बैंक लिंकेज के द्वारा आर्थिक सहयोग हेतु 482 करोड़ 68 लाख 50 हजार रुपये का सांकेतिक चेक एवं सतत् जीविकोपार्जन योजना अंतर्गत ई-रिक्शा हस्तांतरण की चाबी लाभुकों को प्रदान किया।

स्टॉल अवलोकन के क्रम में मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार में जब हमलोगों की सरकार बनी, उस समय स्वयं सहायता समूहों की संख्या न के बराबर थी। हमलोगों ने वर्ष 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूह की संख्या को बढ़ाना शुरू किया। आप सभी जीविका दीदियां काफी अच्छा काम कर रही हैं। हमलोगों ने ही स्वयं सहायता समूह का नाम जीविका दिया और आप सब जीविका दीदी कहलाती हैं। हमलोगों के काम से प्रेरित होकर उस समय की केंद्र सरकार ने इसका नाम देश भर में आजीविका किया। आप सभी बुलंदी के साथ रहिए, सरकार हरसंभव मदद करेगी।

मुख्यमंत्री ने 4587.68 लाख रुपये की लागत से लावाबार बांध निर्माण एवं पईन सिंचाई योजना के जीर्णोद्धार कार्य तथा कोठी बीयर सिंचाई योजना का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने साइट मैप एवं मॉडल के माध्यम से लावाबार बांध निर्माण एवं पईन सिंचाई योजना के जीर्णोद्धार कार्य के संबंध में मुख्यमंत्री को विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि यह कार्य पूर्ण हो जाने से लावाबार, बाहा गणेशपुर, लौटारा, सोबरी, बसुरा, रोंधा एवं सील्हना गांव के ग्रामीण लाभान्वित होंगे। स्थल निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं से भी अवगत हुए। अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लावाबार बांध के जीर्णोद्धार कार्य को यथाशीघ्र पूर्ण करायें। यहां के किसानों से बातचीत कर उनकी जो समस्यायें हैं, उसका तत्काल निराकरण करें। किसानों के हर खेत तक सिंचाई की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

मुख्यमंत्री ने इमामगंज प्रखंड में प्रस्तावित इमामगंज-कोठी-सलैया पथ के चौड़ीकरण एवं वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेस-वे का स्थल निरीक्षण किया। साइट मैप के माध्यम से अधिकारियों ने प्रस्तावित पथों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इसके अतिरिक्त अधिकारियों ने गया जिला अंतर्गत 2477.44 लाख रुपये की लागत से इमामगंज बाजार से पकरी (झारखंड बॉर्डर) भाया कोठी सलैया पथ का सिंगल लेन से डबल लेन में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, 10497.20 लाख रुपये की लागत से गया से कोईलवा मोड़ भाया परैया, गुरारू, रफीगंज पथ इंटरमीडिएट लेन से डबल लेन में चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, 7000 लाख रुपये की लागत से गया जिला अंतर्गत गया रेलवे स्टेशन से रामशीला जाने वाली पथ में रेलवे क्रॉसिंग एल०सी० नं0-71ए के ऊपर आर०ओ०बी० का निर्माण कार्य, 8,500 लाख रुपये की लागत से गया जिला अंतर्गत गया पटना डोभी पथ (एनएच-83) के पास चाकन्द (बारा गाँव) रेलवे गुमटी सं०- 58 बी01/3-ई के ऊपर आर०ओ०बी० का निर्माण कार्य, 2400 लाख रुपये की लागत से गया जिला अंतर्गत दलेलचक से भिखाचक भलुआ-2, निहालपुर, नियामतपुर होते हुए पटना-गया मुख्य मार्ग तक पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य तथा 4000 लाख रुपये की लागत से बेला-पनारी रोड से अग्नि, रैली, शिवरामपुर से धनावाँ होते हुए शाकिर बिगहा तक (ग्राम शिवरामपुर के लिंक पथ सहित) पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य की प्रगति के संबंध में भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन सभी पथों का निर्माण कार्य निर्धारित अवधि के अंदर पूर्ण करायें। इन सड़कों का कार्य पूरा हो जाने से संपर्कता बढ़ेगी तथा लोगों को आवागमन में भी काफी सुविधा मिलेगी, इससे समय की भी बचत होगी।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बोधगया प्रखंड के बसाढ़ी ग्राम के बतसपुर बीयर बांध परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मैप चित्र के माध्यम से बतसपुर बीयर बांध परियोजना और मोराटल मुख्य पईन के चौड़ीकरण एवं विस्तारीकरण कार्य के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को रेखा चित्र के माध्यम से बतसपुर बीयर बांध परियोजना के प्रस्तावित दायां एवं बायां एफ्लक्स बांध के निर्माण एवं विस्तारीकरण कार्य के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने बतसपुर ग्राम में गोबर गैस प्लांट, मनरेगा पार्क, आंगनबाड़ी केंद्र, मनरेगा हाट, खेल के मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बसाढ़ी ग्राम में गोबर धन योजना के अंतर्गत बायो गैस संयंत्र के कार्य विधि के संबंध में जानकारी दी। इस योजना के अंतर्गत जीविका दीदियों द्वारा बायो गैस संयंत्र का संचालन किया जाता है। यह गैस भोजन बनाने के लिए उपयोगी एवं सस्ता है। मुख्यमंत्री ने 16.10 लाख रुपये लागत के मनरेगा पार्क का फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और श्रवण श्रुति योजना आदि के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने उद्योग विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण विभाग और शिक्षा विभाग आदि के स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, स्टार्टअप योजना, अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति (अत्याचार) निवारण अधिनियम और आयुष्मान कार्ड के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री प्रखंड परिवहन योजना तथा मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के लाभार्थियों को चाबी प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने गया जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों के जीविका ग्राम संगठन कार्यालय भवन की चाबी जीविका दीदियों को सौंपी। मुख्यमंत्री ने लोहिया स्वच्छ अभियान एवं मनरेगा ग्रामीण हाट का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने किलकारी के बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए गीत एवं कथक नृत्य को देखा। मुख्यमंत्री ने 8.28 लाख रुपये लागत के मनरेगा खेल परिसर का शिलापट्ट अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जूडो कराटे की बच्चियों का करतब देखा और उनका उत्साहवर्द्धन किया। इस दौरान बच्चियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष नारा लगाया कि जब तक नीतीश कुमार मुख्यमंत्री रहेंगे लड़कियों का सम्मान होता रहेगा।

इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने प्रभावती अस्पताल परिसर में 2903 लाख रुपये लागत के 100 शय्यावाले नवनिर्मित मॉडल अस्पताल का शिलापट्ट अनावरण एवं फीता काटकर उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित मॉडल अस्पताल के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर वहां के बारे में आवश्यक जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल अच्छा बना है। यहां पर लोगों को अत्याधुनिक इलाज की सुविधा मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ० प्रेम कुमार, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, विधायक अनिल कुमार, विधायक मनोरमा देवी, विधायक ज्योति देवी, विधायक दीपा कुमारी, विधान पार्षद अफाक अहमद खान, विधान पार्षद जीवन कुमार, विधान पार्षद कुमूद वर्मा, पूर्व मंत्री विनोद प्रसाद यादव, पूर्व विधायक कृष्णनंदन यादव, पूर्व विधान पार्षद उपेंद्र प्रसाद, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मगध प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक क्षत्रनील सिंह, गया के जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Anu Gupta

error: Content is protected !!