नेतन्याहू ने दी थी धमकी,हमास ने कुछ ही घंटों में मान ली गलती, लौटा दिया शिरी बिबास का शव..
( NG TV desk) Israel :::::::शुक्रवार को हमास ने रेड क्रॉस को एक और महिला का शव सौंपा है और इस बार दावा किया है कि ये शव इजरायली महिला शिरी बिबास का है। 7 अक्टूबर 2023 के हमले के बाद हमास ने शिरी बिबास और उनके दो छोटे बेटों का अपहरण कर लिया था।
गुरुवार को इजरायल द्वारा फलिस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले बिबास के अवशेष उनके दोनों बच्चों के साथ इजरायल को वापस किए जाने की बात कही गई थी। लेकिन डीएनए टेस्ट के बाद इजरायली अधिकारियों ने दावा किया कि, जो शव सौंपा गया है वो शिरी बिबास का नहीं बल्कि किसी और महिला का है
इजरायल के इस दावे के बाद हमास ने एक और महिला का शव इजरायल को सौंपा और फलिस्तीनी गुट ने कहा कि ये शिरी बिबास का ही शव है। रेड क्रॉस ने जानकारी दी कि दोनों पक्षों के अनुरोध पर उनकी टीम ने मानव अवशेष प्राप्त किए हैं, जिन्हें इजरायली अधिकारियों को सौंप दिया गया है।।
हमास के विदेश संबंध कार्यालय के प्रमुख मौसा अबू मरजौक ने कहा कि, शुक्रवार को फिर एक महिला का शव इजरायल को लौटाया गया है और इस बार शव शिरी बिबास का ही माना जा रहा है। एक दूसरे हमास अधिकारी ने कहा, उनका विश्वास है कि इस बार सही शव सौंपा गया है।
परिवार वालों ने की पुष्टि
परिवार ने पुष्टि की है कि हमास द्वारा लौटाया गया दूसरा शव इजरायली महिला शिरी बिबास का है, जिनके बेटे भी कैद में मारे गए थे।
गलत शव मिलने पर भड़के नेतन्याहू
हमास द्वारा शवों को सौंपे जाने के बाद शुक्रवार को इजरायल की ओर से कहा गया था कि, हमास द्वारा सौंपे गए शवों में शिरी बिबास का शव नहीं था। इजरायली सेना ने इसे युद्धविराम का गंभीर उल्लंघन बताया था।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसके लिए हमास को परिणाम भुगतने तक की धमकी दे दी थी। हमास ने गाजा में हुई भारी जबाही का हवाला देते हुए माना कि लाशों के आपस में बदल जाने की संभावना है। हमास ने मामले की जांच कर कुछ ही घंटों में एक और शव इजरायल को सौंपा था।
पूरे देश में फैली शोक की लहर
हमास द्वारा चार बंधकों के शव इजरायल को वापस लौटाए जाने के बाद पूरे देश में शोक की लहर फैल गई। ताबूतों को ले जाने वाले काफिले का सम्मान करने के लिए बारिश में भी लोग झंडे लहराते हुए राजमार्गों पर खड़े थे और हजारों लोग तेल अवीव चौराहे पर रात के समय जाग रहे थे।
Anu Gupta