NGTV NEWS । औरंगाबाद । औरंगाबाद जिले में आज “महिला संवाद” कार्यक्रम का आयोजन जिले के सभी 11 प्रखंडों के चयनित 30 ग्राम संगठनों में सफलता पूर्वक किया गया। अब तक जिले के 855 ग्राम संगठनों में महिला संवाद आयोजित हो चुका है। महिला संवाद बिहार सरकार की एक अभिनव पहल है, जो राज्य की महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें सरकार की योजनाओं से जोड़ रही है।औरंगाबाद जिले में प्रतिदिन दो पालियों में 15 महिला संवाद रथ संचालित किए जा रहे हैं। इन रथों के माध्यम से महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी जाती है और उन्हें अपने अनुभव साझा करने का मंच भी प्रदान किया जाता है। अब तक 20,298 महिलाओं की अपेक्षाएँ ऐप के माध्यम से दर्ज की जा चुकी हैं।कार्यक्रम में भाग लेने वाली महिलाओं — सुनीता देवी, शीला देवी और अंजली कुमारी आदि ने बताया कि कैसे उन्होंने सरकारी योजनाओं से लाभ लेकर अपने जीवन स्तर में सुधार किया है और अन्य महिलाओं को भी प्रेरित किया है।

चंदा ग्राम संगठन, अदमा (प्रखंड: बारुण) में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री, प्रखंड विकास पदाधिकारी श्री मनोज कुमार अग्रवाल, अंचलाधिकारी श्री मंजेस कुमार, मुखिया श्री बसंत कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक श्री पवन कुमार (जीविका), प्रखंड परियोजना प्रबंधक श्री अखिलेश कुमार, क्षेत्रीय समन्वयक श्रीमती शिल्पी कुमारी, एवं अन्य अधिकारियों तथा महिलाओं ने भाग लिया।जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री महिला उद्यमी योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, राशन कार्ड, और मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना आदि के बारे में विस्तृत जानकारी दी और सभी को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। महिला संवाद रथों के माध्यम से लोक-कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित फिल्में भी प्रदर्शित की जा रही हैं और योजनाओं से संबंधित जानकारीपूर्ण पर्चे वितरित किए जा रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार का महिलाओं के नाम संदेश भी प्रसारित किया जा रहा है। यह पहल न केवल महिलाओं को सशक्त बना रही है, बल्कि राज्य के समावेशी विकास की दिशा में एक मजबूत कदम भी सिद्ध हो रही है।
